स्वामी आत्मानंद स्कूल में चला पर्यावरण संरक्षण अभियान:बारिश में बंजर जमीन पर फैलाए जाएंगे सीड बॉल, वृक्षारोपण का संकल्प

![]()
रायपुर के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय तिलक नगर गुढ़ियारी में ईको क्लब की ओर से सोमवार को सीड बॉल निर्माण और पर्यावरण संरक्षण अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान छात्रों ने उत्साह के साथ मिट्टी, जैविक खाद और देशी प्रजातियों के बीजों से सीड बॉल तैयार किए। विद्यार्थियों को बताया गया कि बारिश के मौसम में इन सीड बॉल को बंजर जमीन, पहाड़ियों और खुले क्षेत्रों में फैलाने से बीज अंकुरित होकर पौधों में बदल जाते हैं। यह कम खर्च में अधिक पौधे तैयार करने का आसान और पर्यावरण के अनुकूल तरीका माना जाता है। साथ ही जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, वनों की कटाई और जैव विविधता संरक्षण जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। हरियाली बढ़ाने की अपील ईको क्लब प्रभारी योगेश्वरी लहरी ने कहा कि प्रकृति की रक्षा केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से हर साल अधिक से अधिक सीड बॉल तैयार कर प्रकृति को समर्पित करने की अपील की। उनका कहना था कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं। विद्यालय की प्राचार्य जॉली साहू के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने “एक विद्यार्थी–अनेक सीड बॉल, एक सीड बॉल–एक हरित भविष्य” का संकल्प लिया। साथ ही उन्होंने अपने परिवार और समाज को भी पर्यावरण संरक्षण अभियान से जोड़ने का संदेश दिया और सभी नागरिकों से वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक सीड बॉल तैयार कर हरियाली बढ़ाने की अपील की।
Source link




