![]()
छत्तीसगढ़ के स्टेट गैरेज में 26 साल के इतिहास में पहली बार कर्मचारी अपने प्रतिनिधियों का चुनाव मतदान के जरिए चुनेंगे। निर्वाचन अधिकारी आकाश सिंह ने बुधवार को उम्मीदवारों की अंतिम सूची और चुनाव चिन्ह जारी कर दिए। मतदान रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा, जबकि मतगणना और परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे। अध्यक्ष पद के लिए दिलीप यदु और हफीज अली के बीच सीधा मुकाबला होगा। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत दोनों प्रत्याशियों को अलग-अलग चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए हैं। दिलीप यदु को ‘स्टेयरिंग’ और हफीज अली को ‘टायर’ चुनाव चिन्ह मिला है। वाहन और गैरेज से जुड़े प्रतीक चिन्ह उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पदों के लिए भी दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं। इन पदों के उम्मीदवारों को वाहन और गैरेज से जुड़े प्रतीक चिन्ह दिए गए हैं, जिनमें साइड मिरर, वाइपर, बोनट, गियर, व्हील कवर, हेडलाइट, मीटर और सीट शामिल हैं। संघ के वर्तमान अध्यक्ष घनश्याम पटेल और उपाध्यक्ष बालकृष्ण साहू ने बताया कि संगठन का गठन वर्ष 2023 में हुआ था, लेकिन कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के चयन के लिए पहली बार चुनाव कराया जा रहा है। चुनाव को लेकर कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है और मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
<
