![]()
दुर्ग जिले के जामुल इलाके में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर स्कूटी सवार छात्राओं को ठोकर मारने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई थी। वहीं दो छात्राएं घायल हुई थी। हादसा 3 मई को दोपहर में नंदिनी रोड पर हुआ था। एक ट्रक ने स्कूटी सवार तीन नाबालिग बच्चियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक 17 साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी दो सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। किताब छोड़ने गए थे, सहेली के घर जा रहे थे
भिलाई के कैलाश नगर निवासी प्रभाष पाल की नाबालिग बेटी अपनी दो सहेलियों के साथ एक्टिवा से जामुल से एसीसी चौक की ओर जा रही थी। सभी फ्रेंड किताब छोड़कर जूस पीने रूके थे। इसके बाद वे अपनी सहेली को छोड़ने उसके घर जा रहे थे। इसी दौरान नंदिनी रोड पर ट्रक क्रमांक CG 07 CA 9607 के चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों छात्राएं सड़क पर गिर गईं। हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। शराब के नशे में था ड्राइवर
थाना जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया। जांच के दौरान सामने आया कि ट्रक चालक शराब के नशे में था और लापरवाही से तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। आरोपी की पहचान राकेश कुमार पाण्डेय (34 वर्ष) के रूप में हुई है, जो छावनी क्षेत्र का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
<
