![]()
कांकेर पुलिस ने सोलर पंप और पैनल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 16 चोरी के मामलों में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 32 लाख 60 हजार रुपए से अधिक का चोरी का सामान और घटना में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किया गया है। यह कार्रवाई नरहरपुर पुलिस ने की है। पिछले 6 से 8 महीनों में नरहरपुर, दुधावा, हल्बा और चारामा क्षेत्रों के गांवों से किसानों के सोलर पैनल, सोलर पंप, स्टार्टर और केबल वायर की लगातार चोरी हो रही थी, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी और सबूतों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान हुई और उनसे पूछताछ की गई। चोरी का सामान से ओडिशा ले जाते थे आरोपी पूछताछ में ग्राम बागडोंगरी के जगदीश बंजारा और ग्राम जामगांव के परमेश्वर राठौर पर शक हुआ। दोनों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपने साथी मंहगू मरकाम के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। वे चोरी का सामान टाटा एस वाहन से ओडिशा ले जाकर बेचते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 60 सोलर पैनल, 7 सोलर फ्रेम सेट, 14 सोलर पंप, 14 स्टार्टर और बड़ी मात्रा में केबल वायर बरामद किया है। इनकी कीमत करीब 25 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किया गया है। कुल बरामद संपत्ति की कीमत 32 लाख 60 हजार रुपए से अधिक है। 32 लाख से अधिक का चोरी का सामान बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक टाटा एस गोल्ड मैजिक वाहन (CG 19 BW 0434), कटर मशीन और टूल किट भी जब्त की है। जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 32 लाख 60 हजार रुपए की संपत्ति बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में जगदीश बंजारा (38), परमेश्वर राठौर (27) और मंहगू मरकाम (25) शामिल हैं। पुलिस जांच में पता चला कि तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी के कई मामले दर्ज हैं। नरहरपुर, दुधावा, हल्बा और चारामा थाना क्षेत्रों में इनके खिलाफ कुल 16 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। अपराध में संलिप्तता साबित होने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
<
