![]()
सूरजपुर जिले के गजाधरपुर गांव से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपनी ही मां की लोढ़ा (मसाला पीसने वाला पत्थर) मारकर हत्या कर दी। यह मामला लटोरी चौकी क्षेत्र का है। मृतका की पहचान फलेन बाई (50) के रूप में हुई है, जो अपने बेटे डिगम्बर चेरवा के साथ रहती थीं। मुआवजे की रकम को लेकर चलता था विवाद जानकारी के मुताबिक, डिगम्बर के पिता की मौत कुएं में गिरने से हुई थी। इसके बाद परिवार को सरकारी मुआवजा मिला था। पुलिस के अनुसार, आरोपी बेटा लगातार मां से मुआवजे के पैसे मांगता था, लेकिन फलेन बाई उसे रकम देने से इनकार कर रही थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। गुस्से में लोढ़े से कर दिया हमला घटना वाले दिन आरोपी ने मां से खाना मांगा। मां ने कहा कि खाना रखा है, खुद निकालकर खा लो। बस इसी बात पर डिगम्बर चेरवा आगबबूला हो गया। गुस्से में उसने घर में रखे लोढ़ा (मसाला पीसने वाला पत्थर) से मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल में इलाज के दौरान मौत परिजन घायल महिला को तुरंत अंबिकापुर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। SDOP बोले- मुआवजे के पैसों को लेकर था विवाद इस पूरे मामले पर एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैकरा ने बताया, “आरोपी अपनी मां से मुआवजे की रकम को लेकर नाराज रहता था। घटना वाले दिन खाना मांगने पर मां के जवाब से भड़ककर उसने लोढ़ा से हमला कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।”
<
