![]()
दुर्ग जिले की जामुल पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत 6 आरोपियों और एक विधि विरुद्ध बालक को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर, नगदी, घरेलू सामान, मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल की गई एक्टिवा जब्त की गई है। थाना जामुल इलाके में पिछले दिनों सूने मकानों में चोरी की दो बड़ी घटनाएं हुई थीं। पहली घटना हाउसिंग बोर्ड भिलाई निवासी सिम्मी अहिरवार के घर हुई थी। उन्होंने शिकायत दर्ज कराई थी कि 13 अप्रैल 2026 की रात अज्ञात चोर उनके बंद मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी में रखी नगदी और चांदी के सामान चोरी कर ले गए। दूसरी घटना देव सिंह थापा के घर हुई। वे परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए थे। इसी दौरान 24 से 28 अप्रैल के बीच चोरों ने उनके घर का ताला और आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, नगदी और घरेलू सामान पार कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में मिले अहम सुराग
लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच तेज की। एसीसीयू और थाना जामुल की टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों से जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आदतन अपराधी अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा उर्फ सुखविंदर उर्फ सरदार पर शक हुआ। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को दिया अंजाम
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, एलसीडी टीवी और अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि चोरी के पैसों से खरीदे गए वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई एक्टिवा और दरवाजा तोड़ने के औजार भी बरामद किए गए हैं। इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों में अर्जुन सिंह उर्फ गोरखा, सोनू सरदार उर्फ पुच्ची, तोप सिंह बंजारे, शेख रशीद, हेमा जांगड़े और रूबी कौर शामिल हैं। वहीं एक नाबालिग को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में शामिल रहे हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले सूने मकानों की रेकी करते थे। घर बंद मिलने पर मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस अब आरोपियों से जिले और आसपास के इलाकों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
<
