टॉप न्यूज़

सूरजपुर में डायल 112 से कार टकराने के बाद विवाद:पुलिसकर्मियों पर मारपीट का लगाया आरोप,पुलिस ने भी शासकीय कार्य में बाधा की FIR कराई




सूरजपुर के रामानुजनगर थाना क्षेत्र के भुनेश्वरपुर गांव में डायल 112 वाहन से कार की टक्कर के बाद विवाद बढ़ गया। मामले में एक महिला ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस ने भी महिला पक्ष पर हुज्जतबाजी, झूमाझटकी और शासकीय कार्य में बाधा डाने की शिकायत दर्ज कराई है। दोनों पक्षों की शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कार की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद महिला सकुन सोनवानी के मुताबिक, उनके पति घर के बाहर अल्टो कार खड़ी कर रहे थे। इसी दौरान कार डायल 112 वाहन से टकरा गई। महिला का आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनके पति के साथ मारपीट की। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए माफी मांगी, जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके से चले गए। महिला का आरोप- दोबारा पहुंचे पुलिसकर्मी सकुन सोनवानी का कहना है कि कुछ देर बाद करीब 9 पुलिसकर्मी दोबारा मौके पर पहुंचे और उन्हें जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास किया। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के दौरान उनका बेटा बेहोश हो गया। महिला ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कांग्रेस नेता पंकज तिवारी के साथ शिकायत दर्ज कराई और न्याय की मांग की। पुलिस का दावा- नशे में था कार चालक दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि डायल 112 की टीम निर्धारित कार्य के लिए जा रही थी। इसी दौरान सकुन सोनवानी के पति ने तेज रफ्तार में कार रिवर्स करते हुए पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक, कार चालक नशे की हालत में था और विरोध करने पर उसने पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया। दोनों पक्षों पर कार्रवाई, जांच के बाद साफ होगी स्थिति पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर थाने की टीम को मौके पर बुलाया गया। यहां महिला पक्ष की ओर से हुज्जतबाजी और झूमाझटकी की गई। पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान किसी को चोट लगी होगी, लेकिन पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट किए जाने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस की शिकायत पर भी FIR दर्ज की गई है। दोनों पक्षों के आरोपों को देखते हुए राजपत्रित अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button