![]()
भिलाई में सिम्पलेक्स कास्टिंग लिमिटेड की डायरेक्टर संगीता केतन शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ पुलिस ने जमीन बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। संगीता केतन शाह ने ग्राम कोहका की जमीन को विवाद मुक्त बताकर उसका सौदा किया, एडवांस रकम ली और बाद में जमीन की रजिस्ट्री करने से मना कर दिया। इतना ही नहीं, एडवांस लेने के बाद भी उस जमीन पर 4.5 करोड़ रुपए का लोन भी ले लिया। प्रार्थी सुनील कुमार सोमन कई महीनों से इस मामले की शिकायत को लेकर थाने और जिम्मेदारों के यहां जा रहे थे, लेकिन रसूखदार होने की वजह से सुनवाई नहीं हो रही थी। बाद में प्रार्थी ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। जिसके बाद कोर्ट ने इस मामले में अपराध दर्ज करने का आदेश दिया है। अब सुपेला थाना पुलिस मामले में धारा 406, 420, 468 और 471 समेत अन्य संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच करेगी। जांच के बाद अंतिम रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाएगी। 50 लाख में जमीन का किया था सौदा, 10 लाख एडवांस लिए
प्रार्थी ने कोर्ट को बताया कि उसने आरोपी पक्ष ने ग्राम कोहका स्थित करीब 0.10 हेक्टेयर जमीन को पूरी तरह साफ और बिना किसी विवाद वाली जमीन बताकर 50 लाख रुपए में बेचने का सौदा किया था। इसके लिए 13 मार्च 2023 को इकरारनामा किया गया और 10 लाख रुपए एडवांस लिए गए। रकम लेने के बाद भी संगीता केतन शाह और उसके पति केतन शाह ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं की। बाद में पता चला कि जिस जमीन को विवाद मुक्त बताया गया था, वह पहले से ही किराये और लीज विवाद में फंसी हुई थी। यह जानकारी खरीदार से छिपाई गई थी। उसी जमीन पर 4 करोड़ से ज्यादा का लिया लोन
मामले में यह भी सामने आया कि उसी जमीन के दस्तावेजों को बंधक रखकर एक्सीस फाइनेंस लिमिटेड से करीब 4 करोड़ 50 लाख रुपए का लोन भी लिया गया। प्रार्थी का कहना है कि अगर जमीन पहले से विवादित और बैंक में गिरवी थी तो इसकी जानकारी पहले ही दी जानी चाहिए थी। कोर्ट ने दस्तावेजों का अवलोकन करने के बाद माना कि मामले में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला बनता है। इसके बाद पुलिस को संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। अब मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। धोखाधड़ी का अपराध दर्ज होने के बाद नेताओं के साथ हो रहा फोटो वायरल कई नेताओं के साथ फोटो हो रही वायरल
संगीता केतन शाह और उसके पति केतन शाह के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध होने के बाद कई नेताओं के साथ अब फोटो वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि संगीता खुद भी पिछले विधानसभा चुनाव में वैशाली नगर विधानसभा से चुनाव लड़ चुकी हैं। राजनीतिक रसूखदार की वजह से नहीं हो रही थी सुनवाई
प्रार्थी ने बताया कि संगीता केतन शाह सिम्पलेक्स कास्टिंग लिमिटेड की डायरेक्टर हैं। इसके अलावा उसकी पहुंच काफी उपर तक है, जिसकी वजह से पुलिस भी इस मामले में सीधे कार्रवाई नहीं कर रही थी। 4-5 महीने घुमा हूं। मुख्यमंत्री के पास भी गया था शिकायत लेकर गया था। सभी के पास मैंने आवेदन दिया है, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। रसूखदार होने की वजह से कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई। इस वजह से मुझे कोर्ट जाना पड़ा, जहां से एफआईआर के निर्देश आए हैं।
<
