टॉप न्यूज़

साले ने जीजा को मारकर नाले में दफनाया:अफेयर के शक में बहन को पीटता था; शराब पिलाई, गमछे से घोंटा गला, 4 अरेस्ट




मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मदनवाड़ा थाना क्षेत्र में मार्च में हुए अंधेकत्ल का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी से अवैध संबंध होने के शक और पारिवारिक रंजिश के चलते 36 वर्षीय कदम भुआर्य की हत्या की गई थी। आरोपियों ने उसे शराब पिलाने के बहाने खेत में ले जाकर कथित तौर पर गमछे से गला घोंटकर मार दिया। इसके बाद शव को नाले के किनारे गड्ढा खोदकर रेत में दबा दिया था। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। सभी आरोपियों को 24 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया। कोहका नदी के पास मिला था अज्ञात शव घटना 5 मार्च की है। भैंसाराटोला निवासी संजय हथगिया ने पुलिस को कोहका नदी के पास एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही मदनवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को हत्या की आशंका हुई। इसके बाद BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मृतक की पहचान कदम भुआर्य (36), निवासी राजकट्टा, थाना औंधी के रूप में की। हैदराबाद तक पहुंची पुलिस, मुख्य संदेही को हिरासत में लिया मामले की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन और एसडीओपी विनोद मिंज के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने साइबर सेल की तकनीकी मदद के साथ मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुख्य संदेही चंदन अंधारे की लोकेशन हैदराबाद में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार, चंदन ने हत्या की पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। पत्नी से संबंध के शक को लेकर थी रंजिश पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि मृतक कदम भुआर्य अपनी पत्नी परमेश्वरी के साथ अक्सर मारपीट करता था। उसे शक था कि उसकी पत्नी के चंदन के साथ संबंध हैं। इसी बात को लेकर कदम और चंदन के बीच रंजिश थी। वहीं, परमेश्वरी का भाई चमन लाल देहरी भी अपनी मां और बहन के साथ मृतक के व्यवहार से नाराज था। पुलिस के अनुसार, इसी पारिवारिक विवाद और रंजिश के चलते चंदन और चमन ने कदम की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, इस साजिश में हेमंत राणा और एक नाबालिग को भी शामिल किया गया। शराब पिलाने के बहाने खेत में ले गए पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी को आरोपियों ने कदम को सीतागांव बस स्टॉप के पास रोका। इसके बाद उसे शराब पीने के बहाने चंदन के घर के पास स्थित खेत में ले गए। वहां सभी ने शराब पी। पुलिस के मुताबिक, जब कदम ज्यादा नशे में हो गया तो आरोपियों ने कथित तौर पर गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पास के नाले के किनारे ले जाकर गड्ढा खोदा और रेत में दबा दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक का मोबाइल, पर्स और जूते भी नाले में फेंक दिए गए थे, ताकि घटना से जुड़े सबूत मिटाए जा सकें। मृतक के साले समेत 3 गिरफ्तार, नाबालिग हिरासत में पुलिस ने मामले में चंदर सिंह अंधारे (25), निवासी चिखलाकसा, मदनवाड़ा; हेमंत राणा (21), निवासी राजकट्टा, औंधी और चमन लाल देहरी (24), निवासी राजकट्टा, औंधी को गिरफ्तार किया है। चमन लाल देहरी मृतक का साला है। इसके अलावा एक नाबालिग बालक को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की है। 24 अगस्त को न्यायालय में पेश किए गए आरोपी पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों और नाबालिग के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई। तीनों आरोपियों को 24 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में तकनीकी साक्ष्य, मुखबिरों से मिली जानकारी और पूछताछ के आधार कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा।



Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button