![]()
बलरामपुर शुक्रवार को मुहर्रम पर्व श्रद्धा और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। राजेंद्रपुर, अमटाही और सरईडीह क्षेत्रों में हजरत इमाम हसन और इमाम हुसैन की शहादत की याद में भव्य जुलूस निकाले गए, जिनमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने चबूतरा निर्माण की घोषणा की और पारंपरिक लाठी-डंडा खेल मुख्य आकर्षण रहा। जुलूस सामरी से शुरू होकर राजेंद्रपुर के खेल मैदान तक पहुंचा। पूरे मार्ग में “या हुसैन”, “या अली” और “हम हुसैन वाले हैं” जैसे नारे गूंजते रहे। क्षेत्र के लोगों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ जुलूस में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामणि निकुंज मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थीं। जनपद पंचायत कुसमी के उपाध्यक्ष अशोक सोनी उपस्थित रहे। मुहर्रम कमेटी अमटाही, सरईडीह और राजेंद्रपुर ने सभी अतिथियों का गमछा ओढ़ाकर स्वागत किया। अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामणि निकुंज ने मुहर्रम पर्व की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की परंपरा बनाए रखने का आह्वान किया। मुहर्रम कमेटी ने राजेंद्रपुर में चबूतरा (शेड) निर्माण की मांग रखी, जिस पर अध्यक्ष ने शीघ्र निर्माण कराने की घोषणा की। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अशोक सोनी ने मुहर्रम के त्याग, बलिदान और इंसानियत के संदेश को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। आयोजन का मुख्य आकर्षण पारंपरिक लाठी-डंडा खेल था। इसकी शुरुआत अशोक सोनी और मुहर्रम कमेटी के सदर यूसुफ अंसारी ने मैदान में उतरकर की। इसके बाद युवाओं ने अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का संचालन यूसुफ खान ने किया। मुहर्रम कमेटी ने जिला पंचायत अध्यक्ष की घोषणा के लिए आभार व्यक्त किया और सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों तथा उपस्थित नागरिकों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर अब्दुल मन्नान खान, आरिफ अंसारी, वकील अंसारी, इंद्रदेव निकुंज, सीजे प्रजापति, फिरदोस आलम, सद्दाम खान, जसीम खान, पूर्णिमा सेमरिया, खालिद, राहुल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे उपस्थित थे।
<
