![]()
बैकुंठपुर | बैकुंठपुर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीदी में अनियमितताओं को लेकर महिला कांग्रेस ने रविवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। कुमार चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का पुतला दहन किया गया और मामले की निष्पक्ष जांच व उनके इस्तीफे की मांग उठाई गई। यह कार्यक्रम प्रदेश महिला कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित हुआ। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संजोती मरकाम ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में लगभग 1.94 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए साड़ी खरीदी में करीब 9.7 करोड़ रुपए की अनियमितता हुई है। महिला कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खादी ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से की गई खरीदी में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। निर्धारित लंबाई से कम साड़ियां वितरित किए जाने और कम गुणवत्ता की साड़ियों को अधिक कीमत पर दर्शाने का भी आरोप लगाया गया। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व विधायक अंबिका सिंहदेव, नजीर अजहर, बृजवासी तिवारी, बिहारी लाल राजवाड़े, आशीष यादव, चांदनी सोनी आदि मौजूद रहे।
<
