भास्कर न्यूज | कवर्धा शहर के अंबेडकर चौक स्थित सर्व यादव समाज के सामाजिक भवन में समाज की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवनियुक्त अध्यक्ष ओम यदु ने समाज के पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान परिचय सम्मेलन का आयोजन भी किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि बैठक में समाज की आगामी गतिविधियों और संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से युवा यादव समाज के गठन और पदाधिकारियों के चयन को लेकर सहमति बनी। पदाधिकारियों का मनोनयन 5 जून की बैठक में किया जाएगा। जिसमें 30 से 40 वर्ष आयु वर्ग के सक्रिय युवाओं को प्राथमिकता देते हुए जिला अध्यक्ष सहित अन्य पदों पर मनोनयन होगा। यह प्रक्रिया सभी समाज के पदाधिकारियों की सहमति से होगी। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि युवा पदाधिकारियों के चयन में पढ़े-लिखे, समाज में सक्रिय और अनुभवी लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी। महिला पदाधिकारियों के चयन को लेकर भी चर्चा हुई व महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर सहमति जताई गई। बैठक में संरक्षक राकेश यदु, कार्यकारी अध्यक्ष धनीराम यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष यादव, प्रकाश यादव, शत्रुहन यादव, कनस यादव, संजय, रोहित, पालेश, महेश, हिरामणी ग्वाल, सूरज यादव, कंज लाल सहित समाज के वरिष्ठजन, युवा सदस्य एवं महिला प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। एसपी के नाम सौंपा ज्ञापन बैठक के बाद समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शहर के ठाकुर मोहल्ला में हुए समाज के एक युवक की मौत के मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि मामले के मुख्य आरोपी अमन ठाकुर को मानसिक रूप से विक्षिप्त बताकर सजा से बचाने की कोशिश की जा सकती है। समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए हत्या में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका भी जताई। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
<
