![]()
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कोटमी में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की हत्या के मामले में कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन से मुलाकात की। उन्होंने मृतक के रिश्तेदारों और स्थानीय व्यापारी प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हत्याकांड की सीबीआई (CBI) जांच कराने और दोषी पुलिस अधिकारियों के तत्काल ट्रांसफर की मांग की गई है। अमित जोगी ने कहा कि वारदात के समय अचानक बिजली गुल होना, स्ट्रीट लाइटें और सीसीटीवी (CCTV) कैमरे बंद मिलना पुलिस की संदिग्ध निष्क्रियता और बड़ी नाकामी को दर्शाता है। जोगी ने जिले में बढ़ते संगठित अपराध, नशाखोरी और अवैध तस्करी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसपी से लेकर कॉन्स्टेबल तक के संबंधित अधिकारियों को तत्काल हटाने की मांग की। इसके अलावा जिले में सक्रिय ड्रग नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए एक उच्च स्तरीय एसआईटी (SIT) के गठन की भी मांग की गई है। कोटमी बाजार में बदमाशों ने की थी हत्या दरअसल, 26 मई को कोटमी बाजार में बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। कोटमी साप्ताहिक बाजार में प्रदीप सोनी ने दुकान लगाई थी, जब वे दुकान बंद कर रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाश आए और उनसे सोने-चांदी का बैग छीन लिया। व्यापारी ने इसका विरोध किया तो सीने पर गोली मार दी और भाग निकले। बाइक से आए थे, सीने पर मारी गोली चश्मदीदों के अनुसार, मंगलवार (26 मई) शाम करीब 7 बजे 3 आरोपी एक पल्सर पर सवार होकर आए थे। बदमाशों ने प्रदीप सोनी को बेहद करीब से गोली मारी है। सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया है। मौके से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। ज्वेलरी से भरा बैग लेकर निकले थे व्यापारी प्रदीप सोनी मंगलवार सुबह घर से सामान लेकर निकले थे। इसका CCTV भी सामने आया है, जिसमें वे ज्वेलरी से भरा बैग लेकर बाजार के लिए निकले। बताया जा रहा है वे हर मंगलवार हनुमान जी के मंदिर जाते थे। कल हादसे के दिन भी दुकान बंद कर मंदिर जाते, लेकिन इससे पहले उनकी हत्या हो गई। कांग्रेस बोली- रायपुर-बिलासपुर सेफ नहीं इस घटना पर कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि ‘छत्तीसगढ़ में कानून नहीं, अपराधियों का राज चल रहा है।’ पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने कहा कि पेंड्रा में सराफा व्यापारी की हत्या ने आम लोगों और व्यापारियों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस आरोपियों को अब तक नहीं पकड़ पाई। पुलिस पर राजनीतिक दबाव है। अपराधियों को खुली छुट है।
<
