![]()
बीजेपी ग्रामीण महामंत्री पुराण देशमुख को जो करना है कर लो कहने वाले दुर्ग जिले के जनपद पंचायत CEO रूपेश कुमार पाण्डेय को निलंबित कर दिया गया है। कुछ दिन पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इस वीडियो में वे बीजेपी ग्रामीण महामंत्री पुराण देशमुख से बहस करते नजर आए थे। खास बात यह थी कि यह पूरा विवाद विधायक ललित चंद्राकर की मौजूदगी में हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ था। सुशासन तिहार के तहत आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में सामुदायिक भवन के लिए राशि जारी करने के मामले में बीजेपी नेता ने आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान उनकी और जनपद CEO रूपेश कुमार पाण्डेय के बीच बहस हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। वायरल वीडियो में रूपेश कुमार पाण्डेय को यह कहते हुए भी सुना गया था कि “जो करना है कर लो”। यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही तेजी से फैल गया। वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी नेताओं और स्थानीय लोगों ने अधिकारी के व्यवहार पर सवाल उठाए थे। जिला प्रशासन ने संभागायुक्त को भेजी थी रिपोर्ट
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने इसकी रिपोर्ट तैयार कर संभागायुक्त कार्यालय को भेजी थी। इसके बाद संभागायुक्त कार्यालय की ओर से रूपेश कुमार पाण्डेय को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस में उनसे शिविर के दौरान हुए घटनाक्रम और उनके व्यवहार को लेकर जवाब मांगा गया था। संभागायुक्त कार्यालय के अनुसार अधिकारी की ओर से जवाब प्रस्तुत किया गया, लेकिन वह संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद मामले की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान वायरल वीडियो, प्रशासनिक रिपोर्ट और अन्य तथ्यों को आधार बनाया गया। शासकीय सेवा नियमों के विपरित था व्यवहार
आदेश में कहा गया है कि सुशासन तिहार जैसे सरकारी कार्यक्रम में आम लोगों और जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार शासकीय सेवा नियमों के अनुरूप नहीं है। प्रथम दृष्टया यह माना गया कि अधिकारी ने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरती और उनका व्यवहार भी उचित नहीं था। इसी आधार पर दुर्ग संभाग के आयुक्त सत्य नारायण राठौर ने रूपेश कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। महेंद्र जांगड़ें को दी जिम्मेदारी
दुर्ग जनपद सीईओ को निलंबित का आदेश सोमवार को आया है। इसी आदेश में यह भी बताया गया है कि जनपद पंचायत दुर्ग के CEO का अतिरिक्त प्रभार अब जिला पंचायत दुर्ग में पदस्थ प्रभारी सहायक परियोजना अधिकारी महेंद्र कुमार जांगड़े संभालेंगे।
<
