![]()
बलरामपुर जिले में स्कूली बच्चों के आधार कार्ड के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) अभियान को बड़ी सफलता मिली है। अब तक 33,328 बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 95.91 प्रतिशत है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों की आधार संबंधी जानकारी को अद्यतन करना है। इससे उन्हें छात्रवृत्ति, शिक्षा, बैंकिंग सेवाओं और कई शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। राज्य शासन और भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के निर्देशों के तहत जिले के सभी विकासखंडों में विशेष शिविरों के माध्यम से यह कार्य किया जा रहा है। अक्टूबर 2025 से जिले के विद्यालयों में विशेष शिविर लगाकर एमबीयू का कार्य संचालित किया जा रहा है। अब तक कुल 2089 शिविर आयोजित किए गए हैं, जिनमें 37 आधार ऑपरेटरों की टीम ने 33 हजार से अधिक बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट किया है। जिला प्रशासन की सुनियोजित कार्ययोजना और प्रभावी मॉनिटरिंग के कारण अभियान को लगातार गति मिली है। एक महीने में 7,612 बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट विशेष रूप से मई माह में युद्धस्तर पर कार्य करते हुए एक ही माह में 7,612 बच्चों का एमबीयू किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर शिक्षा विभाग, महिला-बाल विकास विभाग, पंचायत-ग्रामीण विकास विभाग और आधार ऑपरेटरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। 30 सितंबर 2026 तक मिलेगी निशुल्क सुविधा यूआईडीएआई के नियमानुसार, बच्चों के लिए 5 से 15 वर्ष और 15 से 17 वर्ष की आयु के बीच दो चरणों में बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है। यह सुविधा 30 सितंबर 2026 तक निशुल्क उपलब्ध है, जिसके बाद 125 रुपये का शुल्क देय होगा। समय-सीमा से पहले अपडेट कराने की अपील कलेक्टर ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा से पहले अपने बच्चों का एमबीयू अवश्य कराएं। इससे उन्हें भविष्य में सभी आवश्यक सेवाओं और योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिल सकेगा।
<
