![]()
सरगुजा जिले के उदयपुर में नेशनल हाईवे 130 के किनारे संचालित फल दुकान में बीती रात अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। आगजनी में दुकान में रखे फल सहित दुकान के फर्नीचर पूरी तरह से जल गए। दुकान के सामने रखी कार को भी नुकसान पहुंचा है। देर रात करीब 3 बजे अदानी कंपनी की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। आगजनी से तीन लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक, उदयपुर निवासी अभिजीत सिंह नेशनल हाईवे में एचपी पेट्रोल पंप के सामने वृंदावन फ्रूट्स एवं वेजीटेबल मार्केट नाम से फल की दुकान का संचालन करते हैं। बीती रात करीब 2 बजे अज्ञात लोगों ने दुकान में आग लगा दी। कुछ ही देर में आग पूरी दुकान में फैल गई। दुकान के अंदर रखे हुए फर्नीचर और लकड़ी की आलमारी सहित प्लास्टिक की ट्रे सहित अन्य सामान जलने लगे। फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना दुकान के बगल में रहने वाले ऋषिकेश सोनी ने अभिजीत सिंह को दी। अभिजीत सिंह मौके पर पहुंचे तो दुकान आग से घिरी हुई थी। आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। करीब 3 बजे अदानी कंपनी की दमकल वाहन मौके पर पहुंची, तब आग पर काबू पाया जा सका। आगजनी से पूरी दुकान जल गई है। दुकान के सामने खड़ी कार को भी नुकसान पहुंचा है। दुकान में करीब 3 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि असामाजिक तत्वों ने ज्वलनशील पदार्थ का उपयोग कर घटना को अंजाम दिया है। मौके पर पेट्रोल की गंध फैली हुई थी। मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
<
