![]()
सरगुजा में रविवार को दो सड़क हादसों में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई, वहीं तीन अन्य घायल हो गए। अंबिकापुर-बनारस रोड में तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक अन्य हादसे में लखनपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम सूरजपुर के लटोरी चौकी क्षेत्र निवासी तीन युवक एक बाइक में सवार होकर अंबिकापुर की ओर आ रहे थे। चठिरमा के पास शाम करीब 4 बजे अंबिकापुर से बनारस की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवारों को सीधे टक्कर मार दी और कुचलते हुए आगे बढ़ गया। हादसे में बाइक चालक पंकज सिंह की मौके पर मौत हो गई। दो युवकों की हालत गंभीर
हादसे में बाइक सवार दो अन्य युवकों को गंभीर चोटें आई हैं। इनमें एक घायल की शिनाख्त कमलेश सिंह के रूप में हुई है। दूसरे घायल की शिनाख्त नहीं हो सकी है। तीनों लटोरी के निवासी बताए गए हैं। हादसे की सूचना पर पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। हालांकि सीसीटीवी फुटेज स्पष्ट नहीं है, लेकिन हादसे के तत्काल बाद बाइक सवार सड़क पर गिरे नजर आ रहे हैं। गांधीनगर पुलिस ने स्कार्पियो वाहन को जब्त कर लिया है। खंभे से टकराई बाइक, दो की मौत
लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमगला में राइस मिल के पास रविवार की दोपहर लगभग 2.30 बजे तेज रफ्तार बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक आदित्य राम एवं बाबूलाल की मौके पर मौत हो गई। एक अन्य युवक अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की हालत गंभीर
घटनास्थल पर पहुंच भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने पुलिस को हादसे की सूचना दी और घायल हो लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। दोनों युवकों के शवों को लखनपुर हॉस्पिटल के मॉर्च्युरी में रखा गया है। हादसे का शिकार हुए तीनों युवक दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम छिंदकालो के निवासी हैं और वे तीनों रिश्तेदारी में ग्राम लैंगा गये थे, जहां से वे दोपहर में अपने घर लौट रहे थे। लखनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
<
