![]()
सरगुजा जिले में शनिवार शाम तेज अंधड़ के कारण उदयपुर, लखनपुर, धौरपुर और दरिमा क्षेत्र में दर्जनों की संख्या में पेड़ गिर गए और इसके कारण बिजली के खंभे टूटकर धराशायी हो गए। अंधड़ के कारण जिले के अधिकांश इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। अंबिकापुर में भी अंधड़ के साथ बारिश हुई। इस दौरान कुछ इलाकों की बिजली घंटों प्रभावित हुई है। सरगुजा में शनिवार सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर कुछ देर तक तेज धूप के बाद मौसम बदल गया। दोपहर साढ़े 3 बजे से तेज हवाएं चलने लगीं। हवाओं की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक बताई जा रही है। वहीं उदयपुर, लखनपुर सहित दरिमा इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक रफ्तार में तेज हवाएं चलीं एवं इसके साथ बारिश भी हुई। पेड़ गिरे, बिजली व्यवस्था हुई प्रभावित
उदयपुर ब्लॉक मुख्यालय में पेड़ गिरने और बिजली खंभे टूटने से इलाके में विद्युत व्यवस्था ठप हो गई है। लखनपुर थाने का बोर्ड उड़कर दूर जा गिरा, खुशकिस्मती से कोई हताहत नहीं हुआ। नेशनल हाईवे में पेड़ गिरने से अंबिकापुर-बिलासपुर मार्ग बाधित हुआ। धौरपुर में आधा दर्जन से अधिक घरों के छप्पर उड़ गए हैं, जिससे ग्रामीणों का सामान भी बर्बाद हो गया। दरिमा क्षेत्र में सड़कों पर गिरे पेड़ों के कारण आवागमन बाधित हो गया, वाहन जाम में फंसते रहे। ग्रामीण इलाकों में छाया अंधेरा
उदयपुर में बिजली व्यवस्था सबसे ज्यादा प्रभावित हुई। उदयपुर में 20 से अधिक खंभे टूटने से दर्जनों गांव अंधेरे में डूब गए। विभाग के कार्यपालन अभियंता ग्रामीण रोशन नागवंशी ने बताया कि आंधी के तुरंत बाद हमारी टीम मौके पर पहुंच गई। गिरे खंभों को हटाकर लाइनें जोड़ने का काम चल रहा है। रविवार तक 80 प्रतिशत इलाके में बिजली बहाल हो जाएगी। गिरा अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान
शनिवार को आंधी के साथ बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान भी गिरा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक मौसम ऐसे ही रह सकता है।
<
