![]()
सरगुजा जिले के नवाबांध में शराब बनाने से मना करने पर पति-पत्नी में विवाद हो गया। गुस्साई पत्नी ने पति पर खौलता हुआ माड़ (चावल का गर्म पानी) फेंक दिया। जिससे पति गंभीर रूप से झुलस गया। उसे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम नवाबांध निवासी कन्नीलाल राजवाड़े की पत्नी रामबाई लंबे समय से महुआ शराब बनाकर बेचती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो चुका था। 29 अप्रैल की रात करीब 9 बजे कन्नीलाल खाना खाने के बाद अपने घर के आंगन में आराम कर रहा था। उसने अपनी पत्नी रामबाई को महुआ शराब बनाना बंद करने के लिए कहा। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। उबलते माड़ को पति पर फेंका विवाद के बाद आक्रोशित रामबाई ने चूल्हे पर माड़ को गर्म किया और खौलता हुआ माड़ पति कन्नीलाल राजवाड़े पर फेंक दिया। गर्म माड़ गिरने से कन्नीलाल के चेहरे सहित सीने, गर्दन और पीठ में गंभीर जलन और फफोले पड़ गए। दर्द से कराहते हुए उसकी आवाज सुनकर बेटा राजेंद्र राजवाड़े मौके पर पहुंचा और उसने पिता को दरिमा हॉस्पिटल पहुंचाया। शुरुआती इलाज के बाद उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के बर्न यूनिट में उसका इलाज किया जा रहा है। राजेंद्र राजवाड़े ने बताया कि, उसकी मां रामबाई और छोटा भाई महुआ शराब बनाकर बेचते हैं, जिसे पिता पसंद नहीं करते हैं। दोनों अलग रहते हैं। हालांकि घर एक ही है। शराब बनाकर बेचने से मना करने पर ही मां रामबाई ने खौलता माड़ पिता पर फेंक दिया। पुलिस ने दर्ज किया केस पीड़ित की शिकायत पर दरिमा थाना पुलिस ने आरोपी पत्नी रामबाई के खिलाफ धारा 351(3) और 118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से ही पत्नी रामबाई फरार हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
<
