शिक्षकों की कमी, नाराज पेरेंट्स ने स्कूल में जड़ा ताला:कोंडागांव के अमोड़ीपारा प्राथमिक शाला में प्रदर्शन, नियुक्ति तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

![]()
कोंडागांव जिले के माकड़ी विकासखंड के ग्राम अमोड़ीपारा (रांधना) स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में शिक्षकों की कमी को लेकर सोमवार को पालकों ने विरोध प्रदर्शन किया। नाराज पालकों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और शिक्षक की नियुक्ति होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। पालकों का कहना है कि विद्यालय पिछले तीन वर्षों से शिक्षकों की कमी से जूझ रहा है। मूल पदस्थ प्रधान पाठक श्रीमती गीता पांडे के संलग्नीकरण के बाद से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पालकों ने बताया कि इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। मौके पर पहुंचे शिक्षा अधिकारी, नहीं बनी बात स्कूल में तालाबंदी की जानकारी मिलने के बाद दोपहर करीब 12 बजे माकड़ी विकासखंड शिक्षा अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पालकों से चर्चा कर ताला खोलने और आंदोलन समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन बातचीत सफल नहीं हो सकी। पालक शिक्षक की तत्काल नियुक्ति की मांग पर अड़े रहे। कानून व्यवस्था के लिए पुलिस और प्रशासन मौजूद स्थिति को देखते हुए फरसगांव थाना प्रभारी, राजस्व निरीक्षक (आरआई) और पटवारी भी मौके पर मौजूद रहे। हालांकि पूरे घटनाक्रम के दौरान माहौल शांतिपूर्ण बना रहा। बच्चों के भविष्य के लिए जारी रहेगा आंदोलन पालकों ने कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक तालाबंदी और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। अब सभी की नजर शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर है।
Source link




