![]()
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 15 अप्रैल को सड़क हादसे में 9 साल की बच्ची की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विरोध में शुरू हुआ चक्काजाम देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। समझाइश के दौरान नाराज ग्रामीणों ने पुलिस पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। ग्रामीणों के इस हमले में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल मे एडमिट किया गया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अलग-अलग गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना फगुरम चौकी क्षेत्र की है। जानिए पूरा मामला जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल को ग्राम फगुरम मेन रोड पर क्रेटा कार (CG 11 BD 8433) के ड्राइवर ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए रिद्धिमा निराला को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में रिद्धिमा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतिका के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए। उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर मेन रोड पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। मामले की सूचना मिलते पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। तहसीलदार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और अनुविभागीय अधिकारियों ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने उनकी बात नहीं मानी और स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। पुलिस टीम पर भीड़ ने किया हमला इसी दौरान भीड़ ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से लाठी, डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में 13वीं बटालियन मड़वारानी कोरबा के आरक्षक राजेश कुजुर के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इन धाराओं के तहत केस दर्ज घटना के बाद पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों और अन्य लोगों के खिलाफ अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 191(2), 191(3), 190, 296, 351(3), 132, 224, 121(2) और 109 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस बोली- बाकी आरोपियों की जल्द होगी गिरफ्तारी
एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सुनील बंजारे निवासी सारसकेला, संतोष जोशी, रविकृपा जोशी उर्फ रविकुमार जोशी, सुकलाल डनसेना निवासी फगुरम और देवानंद पटेल निवासी छोटे मुड़पार, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ शामिल हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में फरार अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
<
