सड़क निर्माण के लिए लगाए क्रशर प्लांट का विरोध:पूर्व विधायक मनीष कुंजाम से मिले ग्रामीण, प्लांट बंद कराने की उठाई मांग

![]()
सुकमा जिले में सिलगेर से एलमागुंडा को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण चल रहा है। इस काम के लिए तुमलपहाड़ में निजी कंपनी ने दो क्रशर प्लांट लगाए हैं। प्लांट चलाने के लिए गांव के पास स्थित पहाड़ की खुदाई की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके लिए ग्राम सभा से अनुमति नहीं ली गई और कंपनी ने किए गए वादे भी पूरे नहीं किए। रविवार को पूर्व विधायक मनीष कुंजाम के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने क्रशर प्लांट बंद कराने की मांग रखी। ग्रामीणों से मुलाकात के बाद पूर्व विधायक मनीष कुंजाम ने कहा कि लोगों को विकास से कोई परेशानी नहीं है, लेकिन नियमों की अनदेखी स्वीकार नहीं है। शुरुआत में कंपनी ने ग्रामीणों से बातचीत की थी, तब लोगों ने पहाड़ की खुदाई के लिए साफ मना कर दिया था। इसके बाद प्रशासन ने दबाव बनाकर खुदाई शुरू करा दी और क्रशर प्लांट भी लगा दिया। कंपनी ने स्कूल बनाने, ऑटो देने और नलकूप खोदने जैसे कई वादे किए थे, लेकिन अब तक एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। अब ग्रामीण प्लांट बंद कराने के पक्ष में हैं और जल्द ही सुकमा पहुंचकर लिखित शिकायत करेंगे। ब्लास्टिंग से किसानों की बढ़ी परेशानी किसान सोयम रमेश ने बताया कि उनका खेत पहाड़ के पास है। रोज होने वाली ब्लास्टिंग से पत्थर खेत में आकर गिरते हैं। इस कारण खेती करना मुश्किल हो गया है। किसान माड़वी हड़मा ने बताया कि उनका खेत क्रशर प्लांट के पास है। प्लांट से उड़ने वाली गिट्टी और धूल खेत में जमा हो रही है। इस साल सही तरीके से हल भी नहीं चल पाया। इससे खेती और रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है। 40 परिवारों के गांव में स्कूल और आंगनबाड़ी नहीं ग्रामीणों ने बताया कि गांव में न स्कूल है और न ही आंगनबाड़ी। करीब 40 परिवार यहां रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी ने हर घर को 25 हजार रुपए देने, स्कूल और आंगनबाड़ी खोलने का वादा किया था, लेकिन आज तक कोई वादा पूरा नहीं किया गया। सरपंच बोले- बिना सहमति शुरू हुई खुदाई गांव के सरपंच इरपा क्रिस्टेया ने फोन पर बताया कि ग्रामीणों ने खनन की अनुमति नहीं दी थी। उनका आरोप है कि लोगों पर दबाव बनाया गया और कई वादे किए गए, लेकिन बाद में कोई वादा पूरा नहीं किया गया। क्या है पूरा मामला? जानकारी के मुताबिक, बीआरओ के तहत काम कर रही निजी निर्माण कंपनियों ने गिट्टी तैयार करने के लिए तुमालपाड़ के जंगल में दो बड़े क्रशर प्लांट लगाए हैं। कम्पार्टमेंट क्रमांक-475 की 0.95 हेक्टेयर शासकीय जमीन से साधारण पत्थर निकाला जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पर्यावरण स्वीकृति, राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की मंजूरी और खनिज विभाग की अनुमति के बिना ब्लास्टिंग कर पत्थर निकाले जा रहे हैं। इन्हीं पत्थरों का इस्तेमाल सड़क निर्माण में किया जा रहा है। इन चार सड़क परियोजनाओं के लिए निकाला जा रहा पत्थर इन सड़कों के बनने से लंबे समय से नक्सल प्रभावित इलाके में आवागमन आसान होने की उम्मीद है। इससे सुरक्षा बलों की पहुंच बढ़ेगी और ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बाजार जैसी सुविधाओं तक पहुंचने में भी राहत मिलेगी।
Source link




