![]()
सक्ती जिले के कर्रापाली गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान रिश्तेदारों पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी रिवाल्वर, एक देशी कट्टा और फायरिंग में इस्तेमाल कारतूस का खाली खोखा बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार मामला सक्ती थाना में अपराध क्रमांक 251/2026 के तहत दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 296, 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है। पत्नी से मारपीट की शिकायत पर पहुंचे थे रिश्तेदार बालपुर निवासी अजय सिंह गोंड़ (36) ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 4 जून को वह अपने चाचा ससुर महंगु गोंड़ के बुलावे पर कर्रापाली गांव पहुंचे थे। वहां उन्हें जानकारी मिली कि उनकी रिश्तेदार तीजबाई को उसके पति दिलेश्वर सिदार द्वारा लगातार प्रताड़ित और मारपीट की जा रही है। इसी मामले को लेकर अजय सिंह गोंड़ अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दिलेश्वर सिदार को समझाने पहुंचे थे। तालाब के पास रोककर की फायरिंग शिकायत के मुताबिक शाम करीब 5:30 बजे जब अजय सिंह गोंड़, बुंदीबाई, महंगु गोंड़ और रमेश गोंड़ वापस अपने गांव लौट रहे थे, तब कर्रापाली के बाहर तालाब के पास दिलेश्वर सिदार और उसका साथी सोमदेव सिदार उनसे मिले। आरोप है कि दोनों ने पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान दिलेश्वर सिदार ने रिवाल्वर निकालकर फायर कर दिया। गोली सड़क पर लगी, जबकि सभी लोग झुककर और पीछे हटकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के दौरान सोमदेव सिदार भी हथियार लेकर उसके साथ मौजूद था। देशी रिवाल्वर और कट्टा बरामद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी दिलेश्वर सिदार (30) निवासी कर्रापाली और सोमदेव सिदार (31) निवासी पतेरापाली को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पुलिस ने दिलेश्वर सिदार के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी रिवाल्वर और सोमदेव सिदार के पास से देशी कट्टा जब्त किया। घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल कारतूस का खाली खोखा भी बरामद किया गया। न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी पुलिस ने बताया कि पर्याप्त सबूत मिलने के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड में उप जेल सक्ती भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
<
