![]()
बिलासपुर शहर के कई इलाकों में रविवार 7 जून 2026 को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 132 केवी तिफरा सब स्टेशन में आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते बिजली विभाग ने दो चरणों में शटडाउन लेने का निर्णय लिया है। इससे नेहरू नगर, शांति नगर समेत मंगला फीडर से जुड़े हजारों उपभोक्ता प्रभावित होंगे। बिजली विभाग के अनुसार तिफरा स्थित 132 केवी सब स्टेशन में 33 केवी फीडर के रखरखाव और तकनीकी सुधार कार्य किए जाएंगे। इसके लिए पहली पाली में सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक तथा दूसरी पाली में दोपहर 3 बजे से 4:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रहेगी। दो प्रमुख फीडर रहेंगे प्रभावित विभाग ने बताया कि 33 केवी नेहरू नगर फीडर और 33 केवी मंगला फीडर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली कटौती की जाएगी। 33/11 केवी नेहरू नगर सब स्टेशन से संचालित सभी 11 केवी लाइनें, उनसे जुड़े मोहल्ले, कॉलोनियां और हाईटेंशन कनेक्शन प्रभावित रहेंगे। इसी प्रकार 33/11 केवी शांति नगर सब स्टेशन से निकलने वाली सभी 11 केवी लाइनें और उनसे जुड़े क्षेत्रों में भी निर्धारित अवधि तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। गर्मी को देखते हुए विभाग की अपील भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली विभाग ने नागरिकों से पहले से आवश्यक तैयारियां करने की अपील की है। विभाग ने लोगों को पानी का भंडारण कर लेने, मोबाइल फोन और इन्वर्टर चार्ज रखने की सलाह दी है। साथ ही ऐसे परिवार जहां मरीज हैं या जिनकी सेवाएं बिजली पर निर्भर हैं, उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। कार्य पूरा होने के बाद होगी बहाली बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रखरखाव कार्य समय पर पूरा होने की स्थिति में बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कर दी जाएगी। हालांकि सप्लाई शुरू होने में 10 से 15 मिनट का अतिरिक्त समय लग सकता है। विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।
<
