भास्कर न्यूज | सोनहत शासकीय नवीन महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं को स्वरोजगार और सेवा क्षेत्र की नौकरियों से परिचित कराने करियर गाइडेंस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता शासकीय कन्या महाविद्यालय बैकुंठपुर से प्रोफेसर वरुण कुशवाहा शामिल हुए। मुख्य वक्ता वनस्पति विज्ञान के सहायक प्राध्यापक वरुण कुमार कुशवाहा ने करियर संबंधी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज प्रतिस्पर्धा का युग है, युवाओं के पास शक्ति और ऊर्जा भरपूर होती है, लेकिन जब तक वह संकल्पवान नहीं बनेंगे, तब तक जीवन के किसी भी क्षेत्र में सफलता अर्जित नहीं कर सकते हैं। युवा विभिन्न समाचार पत्र, पत्रिकाएं, पुस्तके आदि संसाधन का कुशल उपयोग कर प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। समाज और देश की आवश्यकता है कि युवा पारंपरिक रूप से सुरक्षित माने जाने वाली नौकरियों पर निर्भर न रहकर स्वरोजगार के क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा प्रयास करें और समाज और देश की प्रगति में योगदान दें, इसी उद्देश्य से शासन द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का क्रियान्वयन किया गया है और अब राज्य के सभी महाविद्यालय में सेमेस्टर पद्धति का उद्देश्य युवाओं की रोजगार संभावनाओं को आधुनिक युग की आवश्यकताओं के अनुरूप बढ़ाना है। वैल्यू एडिशन कोर्स, स्किल एनहैंसमेंट कोर्स युवाओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ बाजार की जरूरतों के अनुरूप अपनी योग्यता को बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। युवाओं से अपेक्षा है कि वह राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों को समझते हुए भरपूर प्रयास करें। प्रोफेसर कुशवाहा ने युवाओं से विशेष आह्वान किया कि मोबाइल को अपनी प्रगति का साधन बनाएं, आमतौर पर मोबाइल को सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को भड़काने वाले साधन के रूप में समाज द्वारा देखा जाता है, इस अवधारणा को बदलने का दायित्व युवाओं पर ही है।
<
