अंबिकापुर | सरगुजा जिले के मंगारी (बतौली) पशु चिकित्सालय प्रभारी वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. भीष्मदेव साहू को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान डॉ. सीएम सिंह एक्सीलेंस अवार्ड इन वेटरनरी साइंसेस-2026 से नवाजा गया है। देश-विदेश के आठ प्रमुख संस्थानों द्वारा किए गए कड़े मूल्यांकन के बाद उनके नाम का चयन पशुपालन विज्ञान में उत्कृष्ट योगदान के लिए किया। पीएचडी प्राप्त डॉ. साहू पिछले 15 वर्षों से राज्य शासन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने न केवल पशु रोगों (जैसे लम्पी स्किन डिजीज और ब्लू टंग) के निदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि हजारों पशुपालकों और पशु सखियों को आधुनिक उपचार पद्धतियों का प्रशिक्षण भी दिया है। बालोद जिले में भेड़पालकों के लिए ब्लू टंग रोग की पहचान और दुग्ध शीतलन केंद्र की स्थापना उनकी बड़ी उपलब्धियों में गिनी जाती है। डॉ. साहू की इस उपलब्धि से साहू समाज में हर्ष की लहर है। वे उतई नगर साहू समाज के प्रथम अध्यक्ष स्वर्गीय चोवाराम साहू के नाती चुन्नी लाल साहू के सुपुत्र हैं। बता दें कि डॉ. साहू को इससे पूर्व 2008 में भी भारतीय पशु औषधि सोसाइटी द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है।
<
