भास्कर न्यूज | पोलमी वनांचल क्षेत्र में इन दिनों लंबे समय से उपेक्षित पड़ी नहर मरम्मत कार्य की शुरुआत होने से खेती-किसानी में नई उम्मीद जगी है। ग्राम पुटपुटा से लेकर कामठी तक नहर की रिपेयरिंग का कार्य शुरू हो गया है। इससे क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। यह नहर समय के साथ इसकी स्थिति जर्जर हो गई थी। कई स्थानों पर नहर टूट चुकी थी, जिसके कारण पानी का प्रवाह बाधित हो गया था। इसके चलते किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता था। कुछ किसानों के खेतों तक पानी पहुंचता था तो कई खेत पूरी तरह सूखे रह जाते थे। इससे खेती प्रभावित होती थी और किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता था। संबंधित विभाग द्वारा इस नहर की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है, जिससे स्थिति में सुधार की उम्मीद है। नहर की सफाई, गहरीकरण व टूटे हिस्सों की मरम्मत की जा रही है, ताकि पानी का प्रवाह सुचारु रूप से हो सके और अंतिम छोर तक स्थित खेत तक भी पानी पहुंचे। सात से ज्यादा गांव को होगा फायदा, जल संकट नहीं होगा इस नहर से सात से ज्यादा गांव के किसानों को फायदा होगा, जिसमें ग्राम पुटपुटा, पोलमी, नवापारा, भेड़ागढ़, परसेलखार, पंडरीखार व कामठी जैसे गांव शामिल है। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि यदि यह नहर पहले से सही स्थिति में होती, तो उन्हें हर साल पानी की समस्या से जूझना नहीं पड़ता। अब मरम्मत कार्य से उन्हें समय पर सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि होगी। नहर को पुटपुटा के आगरपानी क्षेत्र को काटकर बनाया गया है, जिससे इसका दायरा और अधिक बढ़ गया है। इससे अधिक क्षेत्र में पानी पहुंचाने की क्षमता विकसित हो रही है। किसानों को उम्मीद है कि आने वाले समय में उन्हें बारिश पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और वे बेहतर तरीके से खेती कर सकेंगे।
<
