![]()
धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में शराब दुकान परिसर में एक युवक से चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले आरोपियों को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। मामले में दो युवकों और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। पुलिस के अनुसार, घटना 25 मई की रात की है। प्रार्थी अपने बड़े भाई के कहने पर शराब और डीजल खरीदने के लिए 3000 रुपए लेकर भखारा आया था। रात करीब 8 बजे वह भखारा शराब दुकान परिसर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उसे रोक लिया। गर्दन पर चाकू अड़ाकर की लूट युवक के पास पैसे होने की जानकारी मिलने पर आरोपियों ने उससे रकम मांगनी शुरू कर दी। मना करने पर आरोपी अंशुमन साहू ने युवक की गर्दन पर धारदार चाकू अड़ा दिया। इसी दौरान लोकेश पटेल और एक विधि से संघर्षरत बालक ने युवक को पकड़ लिया। वहीं, आरोपी समीर निर्मलकर ने मारपीट करते हुए युवक से 3000 रुपए नकद और एक रेडमी मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कुछ घंटों में दबोचे आरोपी घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस ने धारा 309(4) बीएनएस और 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अंशुमन साहू और लोकेश पटेल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू और लूटी गई नगदी रकम भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में अंशुमन साहू (18) और लोकेश पटेल (18) शामिल हैं। एक आरोपी फरार, तलाश जारी मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसे किशोर न्याय बोर्ड धमतरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। फिलहाल, घटना में शामिल फरार आरोपी समीर निर्मलकर की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। ASP बोले- असामाजिक तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई एएसपी शैलेंद्र पांडेय ने कहा कि जिले में लूट, चोरी, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
<
