भास्कर न्यूज|कुकदूर शासकीय नवीन महाविद्यालय कुई- कुकदूर के सेमिनार हॉल में ज्ञान, शोध और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने की दिशा में पहल हुई। यहां वनस्पति विज्ञान परिषद का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. जीए घनश्याम ने की, जबकि सुधीर कुमार तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का पुष्पगुच्छ व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि सुधीर तिवारी ने कहा कि वनस्पति विज्ञान केवल एक विषय नहीं, बल्कि जीवन, प्रकृति और पर्यावरण को समझने की कुंजी है। उन्होंने पौधों के संरक्षण, जैव विविधता के संतुलन और बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान में इस विषय की अहम भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों को शोध और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. घनश्याम ने कहा कि यह परिषद विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में सहयोग करेगी। शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और व्यावहारिक ज्ञान को सशक्त करने का प्रभावी मंच बनेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से परिषद की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया है।
<
