टिटिलागढ़| शहर के विप्रो फाउंडेशन महिला प्रकोष्ठ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस को बड़े ही हर्षोल्लास और सेवा भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संगठन ने न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान पर ध्यान केंद्रित किया, बल्कि समाज के प्रति अपनी एकजुटता भी प्रदर्शित की। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में से एक साड़ी बैंक पहल रही। इसके तहत समाज की जरूरतमंद महिलाओं के बीच 70 साड़ियों का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य का उद्देश्य महिलाओं के आत्मसम्मान को बढ़ावा देना और समाज में स्नेह, करुणा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करना था। महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए एससीडी नेत्र अस्पताल के सहयोग से एक निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के होनहार युवा प्रिंस शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रिंस ने गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर परेड में हिस्सा लेकर क्षेत्र का मान बढ़ाया था। उन्हें बुके और शॉल भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान शहर की विभिन्न महिला शाखाओं की अध्यक्षों ने एक-दूसरे को बुके देकर सम्मानित किया। इस मौके पर गंगा शर्मा अध्यक्ष, संगीता अग्रवाल सरोज अग्रवाल कोषाध्यक्ष, श्वेता शर्मा, बबीता शर्मा मौजूद रहीं।
<
