![]()
रायगढ़ जिले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन तलाश के तहत चक्रधर नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन रजिस्ट्रेशन के नाम पर 6 लाख 93 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने जगदलपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, बोइरदादर कृष्ण वाटिका निवासी राकेश कुमार नागवानी (43) वाहन खरीदी-बिक्री का काम करता है। उसने साल 2021 में अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों की नीलामी से करीब 50 वाहन, कार, ट्रैक्टर और जेसीबी खरीदी थी। इन्हीं वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर जगदलपुर लालबाग निवासी अजय कुमार पिल्लई उर्फ अज्जु पिल्लई और उसके साथी विपिन साहू ने खुद को RTO एजेंट बताकर संपर्क किया। रजिस्ट्रेशन के नाम पर लेते रहे पैसे आरोपियों ने वाहन पंजीयन शुल्क जमा कराने के नाम पर समय-समय पर राकेश नागवानी से लाखों रुपए लिए। बाद में कुछ दस्तावेज भी दिए गए, लेकिन जांच में पता चला कि वाहन राकेश के नाम पर रजिस्टर ही नहीं हुए थे। कई वाहन दूसरे लोगों के नाम पर दर्ज पाए गए। इसके बाद पीड़ित ने RTO कार्यालय से जानकारी ली, जहां पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। दो चेक दिए, एक बाउंस हुआ शिकायत के बाद आरोपी ने रकम लौटाने के नाम पर दो चेक दिए थे। इनमें एक चेक बाउंस हो गया, जबकि दूसरे चेक में गलत जानकारी दी गई थी। इसके बाद पुलिस जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि हुई।DSP जांच के आधार पर 29 जुलाई 2025 को चक्रधर नगर थाने में आरोपी अजय कुमार पिल्लई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। लोकेशन ट्रेस कर जगदलपुर से पकड़ा मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर पुलिस टीम को जगदलपुर भेजा गया, जहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपी को रायगढ़ लाकर न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई कर रही है। SSP बोले- फरार अपराधियों पर लगातार कार्रवाई जारी एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, रायगढ़ पुलिस ऑपरेशन तलाश के तहत फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। वाहन रजिस्ट्रेशन के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार किया गया है। आगे भी ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
<
