नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित रावाभाठा वार्ड क्रमांक-13 में गुरुवार सुबह संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया। मितानिन पुष्पा साहू के घर में बीरगांव के महापौर और कांग्रेस नेता नंदलाल देवांगन के साले विनय देवांगन द्वारा छोड़े गए बैग से लो एक्सप्लोसिव सामग्री, वायर, रिमोट सिस्टम, कैमिकल और एयरगन बरामद हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीएस), डॉग स्क्वाड और फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में बैग से कम मात्रा में लो एक्सप्लोसिव सामग्री मिली है, जिसका उपयोग पटाखों में होने वाले बारूद जैसा बताया जा रहा है। हालांकि वायर, रिमोट और कैमिकल मिलने के बाद जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
पार्षद की सूचना पर पहुंची पुलिस
खमतराई पुलिस के मुताबिक वार्ड क्रमांक-13 के पार्षद अश्विनी यादव ने गुरुवार सुबह थाने में सूचना दी कि मितानिन पुष्पा साहू के घर एक संदिग्ध बैग रखा हुआ है। पुष्पा ने बताया था कि विनय देवांगन बुधवार रात बैग छोड़कर गया था। बैग भारी होने और उसमें संदिग्ध सामग्री होने की आशंका पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारी, बीडीएस, डॉग स्क्वाड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू की।
बैग में मिले वायर, कैमिकल और डेटोनेटरनुमा सामान
जांच टीम को बैग से बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, चिड़ीमार एयरगन, दो बोतलों में रासायनिक पदार्थ और डेटोनेटर जैसे उपकरण मिले। कुछ सामग्री काले और पीले रंग की प्लास्टिक में लिपटी हुई थी। सूत्रों के अनुसार दो शीशियों को देशी बम जैसा बताया जा रहा है, जबकि एक अन्य शीशी में अमोनियम नाइट्रेट लिक्विड फार्म में होने की आशंका जताई गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी अंदेशा जताया गया कि वायर के माध्यम से इन सामग्रियों को जोड़कर रिमोट से विस्फोट की तैयारी की जा सकती थी। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक रूप से इसे बम घोषित नहीं किया है।
डीसीपी बोले- लो एक्सप्लोसिव सामग्री मिली
मयंक गुर्जर ने बताया कि परीक्षण के दौरान बैग में कम मात्रा में लो एक्सप्लोसिव सामग्री मिली है, जो पटाखों में इस्तेमाल होने वाले बारूद जैसी है। बरामद सामग्रियों को जब्त कर वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
16 अप्रैल से लापता बताया जा रहा विनय
जांच में सामने आया है कि विनय देवांगन पिछले कई दिनों से लापता है। परिजनों के मुताबिक वह 16 अप्रैल को महासमुंद जिले के सांकरा में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। शुरुआती दिनों में उसका मोबाइल चालू था, लेकिन पिछले एक सप्ताह से फोन बंद बताया जा रहा है।
महापौर के साले और भाजपा पार्षद के बहनोई हैं विनय
विनय देवांगन बीरगांव नगर निगम के महापौर नंदलाल देवांगन का साला और भाजपा पार्षद एवज देवांगन का बहनोई बताया जा रहा है। महापौर नंदलाल देवांगन ने कहा कि पिछले करीब 20 वर्षों से उनका विनय से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विनय पहले भी उन्हें धमकी दे चुका है। वहीं भाजपा पार्षद एवज देवांगन ने कहा कि विनय लंबे समय से अस्थिर जीवन जी रहा था।
महिला ने बताई पूरी घटना
पुष्पा साहू ने बताया कि आठ वर्ष पहले विनय देवांगन ने ही उन्हें यह घर दिलवाया था। बुधवार रात करीब नौ बजे वह घर आया, पानी पिया और बैग घर में रखने की बात कही। उसने बैग में कपड़े होने की बात कही। महिला ने मना किया, लेकिन विनय ने अगले दिन तक रखने का आग्रह किया और बैग छोड़कर चला गया। बाद में शक होने पर पुष्पा ने वार्ड पार्षद को सूचना दी।
<
