जांजगीर| शहर के लिंक रोड पर पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़ी गाड़ियों की वजह से यातायात प्रभावित हो रहा है और राहगीरों के लिए आवागमन मुश्किल हो गया है। खासकर व्यस्त समय में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जब दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें सड़क के दोनों ओर खड़ी दिखाई देती हैं। दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने पार्किंग की उचित सुविधा नहीं होने से लोग मजबूरी में सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है और जाम की स्थिति बन जाती है। पैदल चलने वाले लोगों को भी सुरक्षित रास्ता नहीं मिल पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
<
