भास्कर न्यूज | नारायणपुर छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र स्थित अत्यंत दूरस्थ ग्राम तोके का विद्युतीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित इस वनांचल में पहली बार विद्युत सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे गांव के लगभग 200 ग्रामीण प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड नारायणपुर संभाग द्वारा दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों एवं घने वन क्षेत्र के बीच लाइन विस्तार कार्य पूर्ण किया गया। परियोजना के तहत गांव तक विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित की गई। कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि, नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से अबूझमाड़ के दूरस्थ गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन सतत रूप से कार्य कर रहा है। ग्राम तोके में विद्युत सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आएगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आजीविका संबंधी गतिविधियों को नई गति मिलेगी। ग्राम में बिजली पहुंचने से अब ग्रामीणों को मिट्टी तेल के दीयों एवं सीमित सौर साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। बच्चों को शाम और रात्रि के समय पढ़ाई के लिए पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होगी। मोबाइल चार्जिंग एवं संचार सुविधा बेहतर होने से ग्रामीणों का प्रशासन, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य आवश्यक सूचनाओं से संपर्क आसान होगा। गर्मी के मौसम में पंखों एवं अन्य बुनियादी उपकरणों का उपयोग संभव हो सकेगा साथ ही भविष्य में पेयजल व्यवस्था, छोटे कृषि आधारित उपकरणों एवं ग्रामीण स्वरोजगार गतिविधियों के संचालन के लिए भी आधार तैयार होगा। ग्रामीणों ने ग्राम में पहली बार बिजली पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन का आभार माना।
<
