![]()
मुंगेली जिले में सरकारी राशन दुकान में चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। यह घटना जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम ढोठमा की है, जहां लाखों रुपए का राशन और एक ट्रैक्टर बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम लौदा के जगदीश माथुर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 जून 2026 की रात अज्ञात लोगों ने महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित राशन दुकान का ताला तोड़कर चोरी की। चोरों ने दुकान से चावल और शक्कर चोरी कर एक ट्रैक्टर में लोड कर दिया था। ग्रामीणों के पहुंचने पर ट्रैक्टर ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया। प्रार्थी जगदीश माथुर की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि इस वारदात में ट्रैक्टर मालिक समेत कुल चार लोग शामिल थे, जिनमें दो नाबालिग भी थे। जांच के दौरान गवाहों की मौजूदगी में एक नीला ट्रैक्टर, चोरी किया गया चावल, शक्कर और घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का सब्बल बरामद किया गया। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 6,03,000 रुपए बताई गई है। पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक विशाल साहू (19) से पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी विकास उर्फ गोलू साहू (20) और दो नाबालिगों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। अपराध साबित होने पर विशाल साहू और विकास साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, दोनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
<
