![]()
बालोद और दल्लीराजहरा के बीच ग्राम जमही में बना 8 लेन टोल प्लाजा जल्द शुरू हो सकता है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा टोल संचालन के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई जा रही है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जुलाई या अगस्त से यहां टोल वसूली शुरू होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर स्थित यह टोल प्लाजा करीब एक वर्ष पहले बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन हैंडओवर और संचालन एजेंसी तय नहीं होने के कारण अब तक शुरू नहीं हो पाया है। एनएच विभाग के अधिकारियों के अनुसार एजेंसी चयन की प्रक्रिया नई दिल्ली स्थित एनएचएआई मुख्यालय स्तर पर चल रही है और इसी माह इसके पूरा होने की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक टोल शुल्क राष्ट्रीय राजमार्ग की दूरी के आधार पर तय किया जाएगा। प्रारंभिक तौर पर कार चालकों को एक बार गुजरने के लिए करीब 50 रुपए शुल्क देना पड़ सकता है। 24 घंटे के भीतर वापसी करने पर 25 रुपए अतिरिक्त शुल्क लगेगा। वहीं टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले वाहन मालिक 350 रुपए में मासिक पास बनवा सकेंगे। बताया जा रहा है कि जमही टोल प्लाजा में शुल्क निर्धारण जगतरा टोल प्लाजा की तर्ज पर किया जा सकता है। वर्तमान में जगतरा टोल प्लाजा में बस और ट्रक के लिए एकतरफा यात्रा शुल्क 170 रुपए और पिकअप वाहनों के लिए 75 रुपए निर्धारित है। इसी आधार पर जमही में भी विभिन्न श्रेणी के वाहनों के लिए अलग-अलग शुल्क तय किए जाने की संभावना है। एनएचएआई और संबंधित एजेंसी के अधिकारियों का कहना है कि हैंडओवर और एजेंसी चयन की प्रक्रिया पूरी होते ही संचालन की तिथि घोषित कर दी जाएगी। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को टोल शुल्क का भुगतान करना होगा।
<
