![]()
राजधानी रायपुर में एक बार फिर चाकूबाजी की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजातालाब स्थित नूरानी चौक के पास अधिवक्ता रमीज खान पर देर रात जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक रमीज खान ने इलाके में कुछ युवकों को सड़क किनारे शराब पीने से मना किया था। इसी बात से नाराज आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि युवकों ने अधिवक्ता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने शरीर के चार अलग-अलग हिस्सों पर वार किए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। आरोपियों की तलाश में जुटे अफसर स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वकील को अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है। अधिवक्ताओं ने घेरा थाना, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की घटना से नाराज अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। देर रात बड़ी संख्या में वकील सिविल लाइन थाना पहुंचे और थाने का घेराव कर दिया। वकीलों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और आरोपियों का जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
<
