भास्कर न्यूज | टिटिलागढ़ स्थानीय हाटपदा स्थित श्री राम गोशाला परिसर में शुक्रवार को बहुप्रतीक्षित ‘बीजू पटनायक इंडोर स्टेडियम’ का शुभ भूमिपूजन एवं शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि यह इंडोर स्टेडियम क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने के साथ युवाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम में टिटिलागढ़ के लोकप्रिय विधायक नवीन जैन ने कहा कि इंडोर स्टेडियम बनने से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं मिलेंगी तथा उनकी प्रतिभा को निखारने में सहायता मिलेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह परियोजना टिटिलागढ़ क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर टिटिलागढ़ नगर परिषद अध्यक्षा श्रीमती ममता देवी जैन, पूर्व नगरपाल शुभ्रांशु दास, नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी, पीडब्ल्यूडी एसडीओ सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के समग्र विकास एवं युवाशक्ति के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही गई। समारोह में स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। लोगों ने उम्मीद जताई कि इंडोर स्टेडियम बनने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास एवं प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
<
