![]()
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। मोवा बाजार इलाके में एक बाउंसर ने पत्नी से विवाद के बाद ससुराल पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना में उसकी दो सालियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत नाजुक बनी हुई है। आरोपी बाउंसर का नाम जीतेंद्र वर्मा (32) उर्फ जित्तू बाउंसर बताया जा रहा है। गोलीकांड में घायल साली का नाम दुर्गेवरी वर्मा और मृतक का नाम गीतांजली वर्मा बताया जा रहा है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला मोवा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोवा बाजार के पास रात करीब 9 से 9.30 बजे आरोपी जीतेंद्र वर्मा (32) अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर साली के घर पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसका पत्नी खिलेश्वरी वर्मा से लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पत्नी अपने बच्चे को लेकर बहन के घर चली गई थी। रात में पत्नी से संपर्क नहीं होने पर जीतेंद्र गुस्से में ससुराल पहुंच गया और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा। इस दौरान उसकी सालियां गीतांजली वर्मा (26) और दुर्गेश्वरी वर्मा (24) बाहर आईं और उसे समझाकर वापस जाने को कहा। इसी बात पर आरोपी भड़क गया और पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एक गोली गीतांजली के माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर गई। वहीं, दूसरी गोली दुर्गेश्वरी के पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गीतांजली को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी का इलाज जारी है। घर के बाहर भी आरोपी ने चलाई गोली घटना के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि घर के बाहर निकला और सड़क में हवाई गोली चलाई। गोलीकांड से इलाके में दहशत फैल गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी थाना पहुंचा और खुद सरेंडर किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे की हालत में था। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा घटना के बाद मौके पर पहुंचे रायपुर पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने दैनिक भास्कर से चर्चा के दौरान कहा, कि घरेलू विवाद के बाद आरोपी बाउंसर ने गोलीकांड की वारदात को अंजाम दिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। मामलें में जांच जारी है, विस्तृत जानकारी कार्रवाई के बाद साझा की जाएगी। पत्नी पर शक करता था आरोपी घटनाकांड के बाद पड़ोस में रहने वाले स्थानीय लोगों ने बताया, कि आरोपी अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा पर शक करता था। शक के कारण आरोपी का पत्नी से आय दिन विवाद होता था। मंगलवार को भी आरोपी जब ससुराल पहुंचा तो उसका ससुराल पक्ष से विवाद हुआ था। विवाद के बाद आरोपी ने गोलीकांड की वारदात को अंजाम दे दिया।
<
