![]()
रायपुर में फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। अलसुबह की गई सरप्राइज चेकिंग और घरों में दबिश देकर पुलिस ने बड़ी संख्या में वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया है और लंबे समय से फरार आरोपी भी पुलिस की पकड़ में आए हैं।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन के डीसीपी उमेश गुप्ता के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में एक साथ दबिश देकर फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के मुताबिक, वर्तमान सप्ताह में 38 गिरफ्तारी वारंट और 25 स्थायी वारंट तामील करते हुए कुल 63 वारंटियों को पकड़ा गया है। सेंट्रल जोन की लगातार कार्रवाई गौरतलब है कि इससे पहले भी सेंट्रल जोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की थी। पिछले सप्ताह 52 गिरफ्तारी वारंट और 44 स्थायी वारंट तामील किए गए थे। इस तरह दो हफ्तों में कुल 90 गिरफ्तारी वारंट और 69 स्थायी वारंट तामील कर 159 वारंटियों को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान में ऐसे कई आरोपी भी पकड़े गए हैं, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे और लगातार पुलिस को चकमा दे रहे थे। सरप्राइज चेकिंग के तहत सुबह-सुबह घरों में पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिससे उन्हें भागने का मौका नहीं मिल सका। अधिकारियों के मुताबिक, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी से न्यायालय में लंबित मामलों के निराकरण में तेजी आएगी और अपराध पर भी नियंत्रण लगेगा।
<
