![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के उद्योगों में लगातार हो रहे हादसे व सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर NSUI और युवा कांग्रसे ने विरोध प्रदर्शन किया। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग का घेराव करते हुए कांग्रेसी नेताओं ने उद्योगों के खिलाफ जमकर नारे लगाए। सोमवार को काफी संख्या में युवा कांग्रेस के नेता औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग पहुंचे। जहां उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं, श्रमिकों की मौतें, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और उद्योग प्रबंधन की जवाबदेही तय नहीं होने के खिलाफ औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग कार्यालय का घेराव कर दिया। यहां कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि हर बार दुर्घटना के बाद केवल मुआवजा देकर मामले को दबाने की कोशिश होती है, जबकि ऐसी सख्त कार्यवाही पहले क्यों नहीं होती जिससे दुर्घटनाओं को रोका जा सके। आंदोलन के दौरान हाल ही में रूपाणाधाम स्टील प्रायवेट लिमिटेड में श्रमिक दीपक चैहान की मृत्यु का मुद्दा उठाया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह घटना जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है। उनका कहना था कि यदि समय-समय पर प्रभावी निरीक्षण, सेफ्टी ऑडिट और जिम्मेदार उद्योग मालिकों पर कार्रवाई होती, तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था। विरोध प्रदर्शन की जानकारी जब पुलिस प्रशासन को लगी, तो पुलिस के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंच गए और विभागीय अधिकारियों के साथ समझाईश देने लगे।
अधिकारियों ने दिया आश्वसन
जहां उन्होंने आश्वसन दिया कि सभी प्रमुख उद्योगों की संयुक्त सुरक्षा समीक्षा बैठक बुलाई जाएगी। जिसमें सुरक्षा उपकरण, कार्यस्थल मानक, निरीक्षण व्यवस्था, दुर्घटना रोकथाम उपाय और जिम्मेदार प्रबंधन की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही रूपाणाधाम समेत हाल में घटित हुए घटनाओं की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई किए जाने की बात कही गई। तब युवा कांग्रेस द्वारा ज्ञापन सौंपकर अपने आंदोलन को समाप्त किया।
युवा कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा
प्रदेश महासचिव राकेश पांडेय ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक घटना के विरोध का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिले के हर उद्योग में काम करने वाले श्रमिकों के जीवन, सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई है। जब तक उद्योगों में नियमित सुरक्षा ऑडिट, जिम्मेदार प्रबंधन पर दंडात्मक कार्रवाई और श्रमिक सुरक्षा के स्थायी मानक लागू नहीं होते, तब तक युवा कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। श्रमिकों की जान की कीमत सिर्फ मुआवजा नहीं हो सकती, दुर्घटनाएं रोकने की व्यवस्था पहले सुनिश्चित करनी होगी।
दोषियों पर तत्काल कार्रवाई किया जाए
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष उस्मान बेग ने कहा कि जिले में पहली बार श्रमिक सुरक्षा के मुद्दे पर इस विभाग का घेराव किया गया है। यह आंदोलन एक चेतावनी है कि अब हर आए दिन हो रही दुर्घटनाओं और मौतों को सामान्य घटना मानकर नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि सभी उद्योगों में सेफ्टी ऑडिट, ऊंचाई पर कार्य के लिए अनिवार्य सुरक्षा उपकरण, जिम्मेदार उद्योग मालिकों पर जवाबदेही और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
<
