![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जहां रविवार को रायगढ़ मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल व वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने नवीन फिजियोथेरेपी महाविद्यालय भवन, 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (MCH) अस्पताल के लिए स्टाफ क्वार्टर तथा 10 बिस्तरीय योग व प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र भवन के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। भूमिपूजन किए गए निर्माण कार्यों में फिजियोथेरेपी महाविद्यालय भवन के लिए 1393.71 लाख रुपये, 100 बिस्तर MCH अस्पताल के लिए स्टाफ क्वार्टर निर्माण के लिए 393.79 लाख रुपये और 10 बिस्तरीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के लिए 280.57 लाख रुपये की स्वीकृति शामिल है। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा व वेलनेस को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आज रायगढ़ में जिन परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया है, वे आने वाले समय में पूरे क्षेत्र के स्वास्थ्य तंत्र को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में फिजियोथेरेपी कॉलेजों की संख्या में वृद्धि की गई है। जिससे पैरामेडिकल शिक्षा को बढ़ावा मिला है। उन्होंने योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि यह केवल उपचार पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने का संपूर्ण विज्ञान है। आने वाले समय में इसे बड़े स्तर पर विकसित किया जाएगा। ताकि लोग दवाओं पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक तरीके से स्वस्थ रह सकें।
रायगढ़ के भविष्य को नई दिशा मिलेगी
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में स्वास्थ्य, शिक्षा व आधारभूत संरचना के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का भूमिपूजन हुआ है, वे रायगढ़ के भविष्य को नई दिशा देने वाली हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में रायगढ़ स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल होगा। कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड व सिकल सेल कार्ड का वितरण कर उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
<
