![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक युवक छोटे बच्चों को नशे के लिए सोल्यूशन की बिक्री करता था। जिसके कारण कई बच्चे सोल्यूशन के नशे में नजर आते थे। जिसकी सूचना पुलिस को मिली। ऐसे में पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से सोल्यूशन ट्यूब भी जब्त किया गया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रामभांठा स्थित संजय मैदान के पास एक युवक, जिसे डोकरी के नाम से जाना जाता है, वह छोटे-छोटे नाबालिग बच्चों को सोल्यूशन बेच रहा है। जिसका उपयोग बच्चे नशे के रूप में कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस पेट्रोलिंग को देखकर वहां मौजूद कई नाबालिग लड़के भाग रहे थे एक युवक को पकड़कर पूछताछ की गई। युवक ने बताया कि उसने डोकरी सिदार से 40 रुपये में सोल्यूशन खरीदा है। उसके पास से भी सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन नंबर-04 का ट्यूब बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने शिवशंकर उर्फ डोकरी सिदार 26 साल निवासी सुसडेगा जिला जशपुर को दौड़ाकर पकड़ा। जांच में आरोपी के पास से 19 ट्यूब सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन नंबर-04 बरामद किया गया।
50-60 रुपये में नाबालिगों को बेचता
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह राउरकेला ओड़िशा से सोल्यूशन खरीदकर लाता और शहर के अलग-अलग मोहल्लों में घूम-घूमकर नाबालिग लड़कों को 50-60 रुपये में बेचता था। जिसका उपयोग बच्चे नशे के रूप में करते हैं। आरोपी ने बताया कि वह 10 दिन पहले राउरकेला से सोल्यूशन खरीदकर लाया था। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 123, 275, 286 BNS व धारा 77 JJ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जाएगी
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि नशा युवाओं और बच्चों के भविष्य को बर्बाद करने वाला सबसे बड़ा खतरा है। मासूम बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तत्व किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई करती रहेगी। संजय मैदान के पास नाबालिगो को सोल्यूशन बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
<
