![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में एक आरक्षक वर्दी पहने नशे के हालात में बेसुध पड़ा देखा गया। जिसके बाद उसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने लगा। ऐसे में जब इसकी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लगी तो अनुशासनहीनता पर कार्रवाई करते हुए उन्होंने आरक्षक को सस्पेंड कर दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार की शाम को एक वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ। जिसमें धर्मजयगढ़ थाना में पदस्थ आरक्षक दिलेश चंद्रा वर्दी पहने हुए शराब के नशे में क्लब ग्राउंड में पड़ा हुआ था। जिसे देखने के बाद किसी ने उसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर दिया। कुछ देर बाद इसकी जानकारी पुलिस विभाग में लग गई। ऐसे में उस वीडियो का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई। प्रथम दृष्टया आरक्षक द्वारा अपने पदीय दायित्वों के विपरीत आचरण करना पाए जाने पर आरक्षक क्रमांक 251 दिलेश चन्द्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान आरक्षक का मुख्यालय रक्षित केन्द्र रायगढ़ निर्धारित किया गया है और इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
अनुशासनहीनता बर्दास्त नहीं की जाएगी
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोपरि है। वर्दी की गरिमा के विपरीत कोई भी आचरण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। ऐसे मामलों में तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरक्षक का वर्दी पहने नशे के हालात में बेसुध पड़े होने की जानकारी मिलने के बाद तत्काल उसे सस्पेंड किया गया है।
<
