![]()
रायपुर नगर निगम ने 22 जून को 630 संपत्तियों से 1 करोड़ 21 लाख 33 हजार 177 रुपए की वसूली की। इससे पहले 19 जून को 525 संपत्तियों से 1 करोड़ 3 लाख 12 हजार 440 रुपए का राजस्व संग्रह किया गया था। यानी महज तीन दिन में निगम ने 2 करोड़ 24 लाख रुपए से अधिक की टैक्स वसूली की है। निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 22 जून को विभिन्न जोनों में लक्ष्य आधारित वसूली की गई। सबसे अधिक 33.47 लाख रुपए का राजस्व जोन-4 से प्राप्त हुआ। वहीं जोन-10 ने 18.99 लाख रुपए, जोन-2 ने 11.61 लाख रुपए, जोन-5 ने 11.35 लाख रुपए और जोन-7 ने 10.43 लाख रुपए की वसूली की। 19 जून को भी पार किया था 1 करोड़ का आंकड़ा इससे पहले 19 जून को निगम राजस्व विभाग ने 525 संपत्तियों से 1 करोड़ 3 लाख 12 हजार 440 रुपए की वसूली कर एक दिन में एक करोड़ से ज्यादा कलेक्शन का आंकड़ा पार किया था। निगम प्रशासन का मानना है कि संपत्तिकर में मिल रही छूट के कारण बड़ी संख्या में करदाता समय से टैक्स जमा कर रहे हैं। 30 जून तक मिलेगा 6.25% डिस्काउंट नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे 30 जून 2026 तक अपना संपत्तिकर जमा कर 6.25 प्रतिशत की विशेष छूट का लाभ लें। निगम के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित संपत्तिकर की पूरी राशि समय सीमा के भीतर जमा करने वाले करदाताओं को यह छूट दी जा रही है। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प निगम अधिकारियों के मुताबिक करदाता ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टैक्स जमा कर सकते हैं। प्रशासन का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को समय पर कर भुगतान के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि शहर में विकास कार्यों के लिए राजस्व बढ़ाया जा सके। राजस्व विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी विशेष वसूली अभियान जारी रहेगा और बकायादारों पर फोकस किया जाएगा।
<
