![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में एक कार घर के बाहर से चोरी हो गई। घटना के बाद मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच की, तो कार दिल्ली से बरामद हुआ। कार मैकेनिक ने डुप्लीकेट चाबी की मदद से कार की चोरी की और नंबर प्लेट बदलकर कार को दिल्ली में चला रहा था। तभी पुलिस ने कार मैकेनिक को गिरफ्तार कर लिया। मामला खरसिया चौकी क्षेत्र की है। मिली जानकारी के मुताबिक 6 मई को संदीप कुमार ने खरसिया चौकी में रिपोर्ट कराई गई थी कि उसके द्वारा उपयोग में लाई जा रही वेन्यू कार घर के सामने से चोरी हो गई है। रिपोर्ट पर थाना खरसिया में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें वाहन को एक होटल तक जाते देखा गया। होटल स्टाफ से पूछताछ में उस व्यक्ति की जानकारी मिली जो वाहन लेकर आया था। होटल में जमा पहचान दस्तावेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को मोहम्मद आमिर 39 वर्ष, निवासी शाहदरा दिल्ली, लोनी गाजियाबाद की जानकारी हुई। जांच में उसका मोबाइल उपयोग दिल्ली क्षेत्र में पाया गया। इस दौरान पुलिस ने कार स्वामी संदीप कुमार के जीजा विजय कुमार से पूछताछ करने पर उसने बताया कि नवंबर 2025 में उसकी वेन्यु कार दुर्घटनाग्रस्त होने पर वाहन की मरम्मत दिल्ली के एक मैकेनिक से दिल्ली में कराई थी। इसी सूचना के आधार पर प्रधान आरक्षक शिव कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल दिल्ली रवाना हुई। लगातार तीन दिन तक पतासाजी के बाद मोहम्मद आमिर को हिरासत में लिया गया।
प्लान बनाकर चोरी करने खरसिया पहुंचा
पूछताछ में आरोपी आमिर ने स्वीकार किया कि उसने पहले ही वाहन की डुप्लीकेट चाबी तैयार कर रखी थी और वाहन के GPS सिस्टम की जानकारी होने के कारण प्लान बनाकर खरसिया आकर कार चोरी की। इसके बाद आरोपी आमिर ने कार का नंबर बदलकर दिल्ली नंबर प्लेट लगाकर उपयोग करना भी स्वीकार किया।
कार को दूसरे राज्य में बेचने की योजना थी
आरोपी की बताने पर पुलिस ने दिल्ली के एमसीडी पार्किंग क्षेत्र से चोरी गई वेन्यू कार बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वाहन को डेंट-पेंट कर दूसरे राज्य में बेचने की योजना थी। मामले में साक्ष्य के आधार पर धोखाधड़ी की धारा 318 BNS जोड़ी गई है। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर खरसिया लाया गया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेजा गया है।
कार्रवाई लगातार जारी रहेगी
SSP शशि मोहन सिंह ने बताया कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और प्रोफेशनल पुलिसिंग से उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचायेगी। जिले में संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खरसिया से कार चोरी कर दिल्ली ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
<
