रायगढ़ में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंका:राहुल गांधी के गिरफ्तारी के विरोध में किया प्रदर्शन, केन्द्र सरकार के खिलाफ लगाए नारे

![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने केन्द्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दिल्ली के जंतर-मंतर में किया जा रहा है। ऐसे में यहां उनके समर्थन में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को हिरासत में ले लिया गया। जिसके विरोध में जिला कांग्रेस ने प्रधानमंत्री का पुतला फूंका और केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। दोपहर तकरीबन 12 बजे जिला कांग्रेस कमेटी से काफी संख्या में कांग्रेस नेता नारेबाजी करते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक पहुंचने वाले थे, लेकिन उससे पहले रास्ते में कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर दिया। जिसे देख वहां पहले से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के जवान पुतला को पानी डालकर बुझाने के साथ-साथ उसे छिनने लगे, इससे कांग्रेस व पुलिस जवानों के बीच छिनाछपटी भी हुई। इसके बाद कांग्रेस नेता बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक पर जमीन पर बैठ गए और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी शुरू कर दिया।
छात्रों के साथ बर्बरता पूर्वक व्यवहार किया
इस दौरान कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि छात्रों के साथ बर्बरता पूर्वक व्यवहार किया जा रहा है और जब उनके समर्थन राहुल गांधी व कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने धरना प्रदर्शन किया, तो उन्हें हिरासत में ले लिया। उनका कहना था कि इसी के विरोध में पूरे देश भर में प्रधानमंत्री व गृहमंत्री का पुतला दहन कर विरोध जताया जा रहा है।
गृह मंत्रालय के निर्देश पर गिरफ्तार किया गया
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष (शहर) शाखा यादव ने बताया कि देश भर के छात्रों के द्वारा जंतर-मंतर में आंदोलन का शंखनाद किया गया है और केन्द्र सरकार के द्वारा छात्रों के विरोध में बर्बरता पूर्वक कार्रवाई की गई है। मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के द्वारा पीएम आवास के पास घेराव-धरना प्रदर्शन किया गया। राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं और जब उन्होंने अपने विपक्ष का उपयोग किया, तो गृह मंत्रालय के निर्देश पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उसी के विरोध में आज पूरे जिला मुख्यालय में देश के प्रधानमंत्री व गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन करने का निर्णय लिया गया था। उसी कड़ी में आज जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले प्रधानमंत्री का पुतला दहन किए। भारी बारिश के बाद भी आंदोलन किया गया।
Source link



