![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों को कम करने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान एक ही दिन में 120 छोटे और बड़े वाहनों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने नियम तोड़ने वालों से 1 लाख 51 हजार 700 रुपए का चालान वसूला। यातायात पुलिस ने गुरुवार को नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर जांच अभियान चलाया। अलग-अलग टीमों ने ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर नजर रखी। इस दौरान सबसे ज्यादा कार्रवाई गेरवानी-पुंजीपथरा मार्ग पर की गई, जहां कई भारी वाहन नियमों का उल्लंघन करते मिले। कुछ ट्रक और डंपर तेज रफ्तार में चल रहे थे, तो कई ड्राइवर लापरवाही से वाहन चलाते पकड़े गए। इसके अलावा कई जगह वाहनों को गलत तरीके से खड़ा किया गया था और कुछ चालक बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चला रहे थे। पूरे दिन चले अभियान में 120 वाहनों पर कार्रवाई कर 1 लाख 51 हजार 700 रुपए का चालान काटा गया। पुलिस के अनुसार, उद्योगों में चलने वाले भारी वाहन चालक ज्यादा चक्कर लगाने के लिए नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इसी वजह से लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, जिसे देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।
तीन सवारी-बिना हेलमेट वाले चालकों पर भी कार्रवाई जांच अभियान के दौरान कई दोपहिया वाहन चालक भी ट्रैफिक नियम तोड़ते हुए पाए गए। बिना हेलमेट और तीन सवारी लेकर चलने वाले चालकों का चालान काटा गया। इसके साथ ही उन्हें समझाइश दी गई कि आगे से यातायात नियमों का पालन करें। कई वाहन चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते भी पकड़े गए। नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार, खतरनाक ड्राइविंग और यातायात नियमों का उल्लंघन सीधे लोगों की जिंदगी को खतरे में डालता है। उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस के अभियान में कई भारी वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर चालानी कार्रवाई की गई है।
<
