![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के छोटे से गांव संबलपुरी में रहने वाले किसान के बेटे ने यूपीएससी द्वारा आयोजित भारतीय वन सेवा की परीक्षा में सफलता हासिल की है। परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक 91 हासिल कर अजय गुप्ता ने पूरे जिले का नाम रोशन किया। परीक्षा परिणाम शुक्रवार को घोषित किया गया। जिसके बाद से अजय को उनके परिचित शुभकामानएं दे रहे हैं। संबलपुरी गांव के साधारण किसान परिवार से आने वाले अजय गुप्ता की यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष मानी जा रही है, क्योंकि उन्होंने सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। अजय गुप्ता इससे पहले भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। उन्होंने हाल ही में घोषित यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 452 हासिल की थी। लगातार दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर अजय गुप्ता ने जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। बताया जा रहा है कि अजय गुप्ता के पिता हमेशा से अपने बच्चों को शिक्षा के लिए बढ़ावा देते रहे और यही कारण है कि आज अजय गुप्ता ने दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में सफलता हासिल की।
अजय ने पढ़ाई में शुरू से बेहतर रहे
अजय बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे। उन्होंने 10वीं कक्षा में 92.66 प्रतिशत और 12वीं में 91.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके बाद उन्हें नेशनल इंस्टियूट ऑफ टेक्नोलॉजी रायपुर में प्रवेश मिला। एनआईटी रायपुर में पढ़ाई के दौरान उन्हें लगातार तीन वर्षों तक छात्रवृत्ति भी मिली। अजय बताते हैं कि पहले उन्हें लगता था कि उनकी दुनिया गांव तक ही सीमित है, लेकिन एनआईटी में दाखिला मिलने के बाद उनकी सोच बदली और उन्हें महसूस हुआ कि वे भी बड़ा सपना पूरा कर सकते हैं।
<
