![]()
दुर्ग पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को अण्डा और पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन कार्रवाइयों में कुल 61 पौवा अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 6100 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। अण्डा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम अछोटी स्थित राजा तालाब के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक बोरी में अवैध शराब रखकर ग्राहकों की तलाश कर रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पूना राम देशमुख (35) निवासी भाठापारा, ग्राम अछोटी बताया। तलाशी लेने पर पूना राम देशमुख के कब्जे से 31 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 5.58 बल्क लीटर थी। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 3100 रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 50/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गांवों में अवैध शराब बिक्री की लगातार मिल रही शिकायतों के चलते विशेष निगरानी रखी जा रही थी। दूसरी कार्रवाई टाउन पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सिरसाकला नहर पुलिया के पास एक युवक पिट्टू बैग में शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नरेश कुमार रात्रे (29) निवासी बाजार चौक देवबलौदा बताया। उसके कब्जे से 30 पौवा अंग्रेजी गोवा शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 5.40 बल्क लीटर थी। पुलिस ने शराब और पिट्टू बैग जब्त कर लिया। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 3000 रुपये बताई गई है। इस मामले में भी आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
<
